X

पर्यटन विभाग के माध्यम से किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा


अल्मोडा – जनपद में पर्यटन विभाग के माध्यम से किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आज जिलाधिकारी वन्दना ने नवीन कलेक्टेट में ली। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्याही देवी मंदिर क्षेत्र में पर्यटकों के लिए विश्राम गृह के सुधारीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यदाई संस्था आगामी 05 सितंबर तक आगणन बनाकर 15 सितंबर तक टेंडर प्रक्रिया शुरू करना सुनिश्चित करे। जिलाधिकारी ने अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में नगरपालिका एवं पर्यटन विभाग के माध्यम से संचालित होने वाली सिटी बस की सभी प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस संबंध में उन्होंने 15 सितंबर तक रूट प्लान, परिवहन विभाग से परमिशन जैसी सभी प्रक्रियाओं को पूरा कर लिया जाय, जिससे जल्द ही सिटी बस की सेवाएं लोगों को मिल सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि रानीखेत में पर्यटन कार्यालय तथा पर्यटक आवास के बनाने संबंधी प्रक्रियाओं को शीघ्र ही पूरा कर लिया जाए। जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग एवं छावनी परिषद के माध्यम से रानीखेत स्थित रानी झील के सौन्दर्यकरण तथा झील के चारों ओर बनने वाले ट्रेक के सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कौसानी के पिनाकेश्वर मंदिर के ट्रेक रूट का भी कायाकल्प किया जाए। उन्होंने ट्रेक रूट में प्राकृतिक वस्तुओं का प्रयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां टूटे हुए पेड़ों एवं शिलाओं को नक्काशी के माध्यम से आकर्षित बनाया जाए। उन्होंने गड़ापानी स्थित जसूली देवी धर्मशाला के निकट ही पर्यटकों की सुविधा के मद्देनजर एक कैफे के निर्माण के लिए भी निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन कार्यों के स्टीमेट तैयार नहीं हैं, उनके स्टीमेट 05 सितंबर तक पूरे करते हुए 15 सितंबर तक समस्त कार्यों में अनिवार्य रूप से टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाए।
इस दौरान जिला पर्यटन अधिकारी अमित लोहनी अधिशाषी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग संजय भारती, सिंचाई मोहन सिंह रावत समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
वेब फास्ट न्यूज..

This post was published on 01/09/2022 11:18 AM

D S Sijwali: Work on Mass Media since 2002 ........
Related Post