X

उत्तराखंड: महंगाई ने फिर लगाई दौड़, दूध और दुग्ध उत्पाद के दाम फिर बढ़े

2023 में अबतक दो बार वृद्धि

महंगाई का झटका फ़िर जोरों से लगा। चौतरफा महंगाई की मार झेल रहे लोगों को आँचल ने दिया झटका। आंचल डेयरी ने दूध के साथ साथ दूध से बने उत्पादों के दामों में 5% से लेकर 20% तक की वृद्धि की है।

नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के प्रबंधक निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि नैनीताल दूध उत्पादक सहकारी संघ से जुड़े दूध उत्पादकों के दामों में पिछले महीने ₹2 प्रति लीटर की दर से वृद्धि की गई थी। जिसके बाद घाटे को पूर्ति करने के लिए दूध के साथ साथ दूध से बने अन्य उत्पादों के दामों में वृद्धि की गई है।

फुल क्रीम दूध ₹66 प्रति लीटर से बढ़कर अब ₹68 प्रति लीटर हो गया है। स्टैंडर्ड दूध ₹55 से बढ़ाकर ₹57 प्रति लीटर हुआ है। आंचल देसी घी ₹600 प्रति किलो से बढ़कर ₹650 प्रति किलो, ₹550 प्रति किलो मक्खन अब ₹600 प्रति किलो हो गया है। ₹380 प्रति किलो से पनीर बढ़कर अब ₹400 प्रति किलो हो गया है. क्रीम ₹470 किलो से बढ़कर अब ₹500 प्रति किलो हो गयी है। 400 ग्राम दही ₹40 की जगह पर अब ₹50 में मिलेगी. ₹10 वाला मसाला छाछ अब 15 रुपए में मिलेगा।

बता दें कि नैनीताल दूध उत्पादक सहकारी संघ द्वारा फरवरी माह में ही दूध के दामों में वृद्धि की गई थी। दूध उत्पादक सहकारी संघ द्वारा वर्ष 2022 में दूध के दामों में तीन बार वृद्धि की गई थी। वहीं इस साल 2023 में दो बार दूध और उससे बने उत्पादों के दामों में वृद्धि की गयी है, जिससे ग्राहकों पर एक बार फिर अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी।

This post was published on 26/05/2023 4:12 AM

swati tewari: working in digital media since 5 year