X

बड़ा हादसा: गंगनानी पुल के पास तीन वाहन आए भूस्खलन की चपेट में, चार की मौत, कई घायल

उत्तरकाशी में कल रात गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी पुल के पास 3 यात्रा वाहन भूस्खलन की चपेट में आ गये। इस दुर्घटना में 04 लोगो की मृत्यु हो गयी, जबकि 7 अन्य घायल हो गए। घटनास्थल पर देर रात से ही राहत और बचाव कार्य जारी है। अब तक 2 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों वाहनों में कुल 30 लोग सवार थे, घायलों को रेस्क्यू कर प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया है। लगातार बारिश और पहाड़ी से मलबा आने के चलते रेस्क्यू कार्य करने में पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से कुछ यात्रियों को देर रात ही निकाल लिया गया था। जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में मारे गए सभी यात्री मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले हैं, जो उत्तराखंड की यात्रा पर निकले थे।

यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में भी लगातार बारिश के चलते यमुना नदी समेत सहायक नदी और नाले उफान पर हैं। जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

मौसम विभाग ने आज प्रदेशभर में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं आज और कल प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश की तेज बौछार के साथ बिजली चमकने और तेज गर्जन की आशंका है। मौसम विभाग ने हिदायत देते हुए बारिश के दौरान पक्के घरों में रहने को कहा है। खुले स्थान पर मवेशियों और वाहनों को रखने से बचने की सलाह दी है।

This post was published on 11/07/2023 6:22 AM

swati tewari: working in digital media since 5 year