पंतनगर एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, बम निरोधक दस्ता पहुंचा, सर्च जारी
नई दिल्ली । भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के पंतनगर एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला है। इससे सोमवार की शाम को एएआई में मुख्यालय से एयरपोर्ट तक हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। आनन-फानन में एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था सख्त करते हुए बम निरोधक दस्ता बुलाया गया और सर्च अभियान चलाया गया।
इसमें कोई अवांछनीय वस्तु नहीं मिलने पर अधिकारियों ने चैन की सांस ली। हवाई सेवा प्रदाता सरकारी कंपनी एलायंस एयर के पास बीती 11 मई को एक धमकी भरा ई-मेल आया था। इसमें अज्ञात व्यक्ति ने पंतनगर एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी थी।
कंपनी प्रबंधन ने बीते सोमवार की शाम एएआई के मुख्यालय सहित पंतनगर एयरपोर्ट के डायरेक्टर सुमित सक्सेना को ई-मेल फारवर्ड कर मामले से अवगत कराया। इसके बाद तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को हाई-अलर्ट कर पुलिस प्रशासन और बम निरोधक दस्ते को सूचना दी गई।
रन-वे और आवासीय परिसर की सघन तलाशी
सूचना पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने एयरपोर्ट परिसर और टर्मिनल बिल्डिंग सहित रन-वे और आवासीय परिसर की सघन तलाशी ली। लगभग तीन घंटे चली इस कार्रवाई में दस्ते को एयरपोर्ट में कोई अवांछनीय वस्तु नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों ने चैन की सांस ली।
एयरपोर्ट के अंदर टैक्सियों को भी प्रतिबंधित
बावजूद इसके मामले की गंभीरता को देखते हुए त्रिस्तरीय चेकिंग (मुख्य प्रवेश द्वार, टर्मिनल बिल्डिंग प्रवेश द्वार और बोर्डिंग के समय स्क्रीनिंग) सहित लगेज जांच को बढ़ाकर सख्त कर दिया गया है। इतना ही नहीं यात्रियों को छोड़ने और लेने के लिए एयरपोर्ट के अंदर आने वाली टैक्सियों को भी प्रतिबंधित कर दिया गया है।
एलायंस एयर के पास 11 मई को अज्ञात व्यक्ति का ई-मेल आया था। इसमें उसने पंतनगर एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। एलायंस प्रबंधन ने मुझे सोमवार की शाम इस संबंध में जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई। बम निरोधक दस्ते के सर्च अभियान में कोई अवांछनीय वस्तु नहीं मिली है।
This post was published on 15/05/2024 10:29 AM