X

सोने के दाम लगातार छू रहे आसमान, आँखिर क्यों?

देश में सोने के दाम लगातार आसमान छू रहे हैं। सोने की कीमत पहले ही 80 हजार का आंकड़ा पार कर चुकी है। खबरें तो यहां तक सामने आ रही हैं कि धनतेरस तक सोने के दाम 1 लाख तक पहुंच सकते हैं। हालांकि सवाल यह है कि सोना अचानक से इतना क्यों चमक रहा है? आखिर क्या वजह है कि सोने की कीमत लगातार उछाल मार रही है और सोना नीचे आने का नाम नहीं ले रहा है?

गुरुवार पूरे देश में अहोई अष्टमी का त्योहार मनाया गया। इस दिन सोना खरीदना बेहद शुभ होता है। वहीं सुबह सोने की कीमत में फिर से 500 रुपये का उछाल आ गया है। 24 अक्टूबर 2024 को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, जयपुर और लखनऊ में 24 कैरेट सोने का दाम 80,500 रुपये हो चुका है। तो आइए जानते हैं कि सोने की कीमत में इतना उछाल क्यों देखने को मिल रहा है?

युद्ध ने डाला असर

दुनिया के कई देश युद्ध की चपेट में हैं, तो कुछ देशों पर युद्ध का खतरा मंडरा रहा है। रूस-यूक्रेन के अलावा इजराइल-हिजबुल्लाह के बीच युद्ध चल रहा है। इसके अलावा चीन-ताइवान, उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच युद्ध के कयास लगाए जा रहे हैं। इसका असर वैश्विक बाजार पर पड़ रहा है। ऐसे में सोने को निवेश का सबसे सुरक्षित विकल्प माना जा रहा है और ज्यादा से ज्यादा लोग सोने में निवेश कर रहे हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव

5 नवंबर को अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं। इसका सीधा असर शेयर मार्केट समेत वैश्विक बाजार पर देखने को मिलेगा। अमेरिका में सत्ता परिवर्तन बाजार पर बड़ा असर डालने वाला है। ऐसे में निवेशक रिस्क नहीं लेना चाहते और सोना उनकी पहली पसंद बन चुका है। इसलिए सोने की मांग पूरी दुनिया में बढ़ रही है।

बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की धीमी रफ्तार

दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में लोग करोड़ों रुपये निवेश करते हैं। मगर चीन और यूके समेत कई अर्थव्यवस्थाओं की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है। चीन ने पहले ही ढेर सारा सोना जमा करना शुरू कर दिया है। वहीं निवेशकों ने धीमी अर्थव्यवस्थाओं की बजाए सोने में निवेश करना बेहतर समझा है।

भारत में क्यों बढ़ी मांग?

सोना खरीदने वाले दुनिया के बड़े देशों में भारत का नाम भी शुमार है। खासकर धनतेरस, दिवाली और छठ पूजा के कारण भारत में सोने की मांग काफी बढ़ गई है। यही वजह है कि भारत में भी सोने की कीमतें आसमान छूने लगी हैं।

This post was published on 25/10/2024 3:11 AM

D S Sijwali: Work on Mass Media since 2002 ........