IPL के स्टार बल्लेबाज रोबिन उथप्पा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी
पीएफ विवाद में रोबिन उथप्पा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट, 23 लाख रुपये के पीएफ घोटाले का गंभीर आरोप।
भारत के पूर्व क्रिकेटर और आईपीएल के स्टार बल्लेबाज रोबिन उथप्पा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। यह वारंट उथप्पा पर आरोपों के बाद जारी किया गया है कि उन्होंने कर्मचारियों की सैलरी से प्रोविडेंट फंड (पीएफ) की राशि काटी, लेकिन उसे कर्मचारियों के पीएफ खाते में जमा नहीं किया। यह मामला करीब 23 लाख रुपये का है, जिसमें उथप्पा और उनकी कंपनी सेंचुरीज लाइफस्टाइल ब्रांड प्राइवेट लिमिटेड पर गंभीर आरोप हैं।पीएफ रीजनल कमिश्नर शादकशारी गोपाल रेड्डी ने 4 दिसंबर को पुलाकेशीनगर पुलिस को निर्देश दिए थे कि उथप्पा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया जाए। हालांकि, पुलिस को इस वारंट को लागू करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि उथप्पा ने हाल ही में अपना पता बदल लिया है। पुलिस अधिकारी अब उनकी नई जानकारी हासिल करने में जुटे हैं। भारतीय कानून के अनुसार, यदि किसी कंपनी द्वारा कर्मचारियों का पीएफ काटा जाता है तो वह राशि कर्मचारियों के खाते में जमा करानी होती है। अगर ऐसा नहीं होता है तो इसे कानून का उल्लंघन और पैसा का दुरुपयोग माना जाता है।उथप्पा के खिलाफ यह मामला काफी गंभीर है, और पुलिस को अब उनके नए पते का पता लगाने में कठिनाई हो रही है। उथप्पा एक समय भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में से एक थे और आईपीएल में भी अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए प्रसिद्ध थे। उन्होंने 2022 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और अब रिटायर खिलाड़ियों की लीगों में हिस्सा लेते हैं। हाल ही में उन्होंने हॉन्ग-कॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट में भाग लिया था और वहां बेहतरीन बल्लेबाजी की थी।उथप्पा ने भारत के लिए 48 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 934 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 90.59 का रहा। इसके अलावा उन्होंने 13 टी20 मैचों में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया और 249 रन बनाए। वनडे क्रिकेट में उन्होंने छह अर्धशतक और टी20 क्रिकेट में एक अर्धशतक भी जमाया है। अब, उनके खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट इस मुश्किल वक्त में क्रिकेट जगत की एक और कहानी बन चुकी है।
This post was published on 22/12/2024 5:50 AM