X

Almora जिलाधिकारी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर की समीक्षा बैठक

Almora जिलाधिकारी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर की समीक्षा बैठक

अल्मोड़ा, 23 जून 2025 (सूवि) जिलाधिकारी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर की समीक्षा बैठक।

जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में सभी संबंधित प्रभारी अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

बैठक में जिलाधिकारी ने चुनाव कार्य से संबंधित सभी पहलुओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव एक संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

श्री पांडेय ने बूथवार व्यवस्थाओं, मतदाता सूची के सत्यापन, मतदान केंद्रों की मूलभूत सुविधाओं (जैसे पेयजल, शौचालय, रैंप आदि) की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की नियुक्ति, प्रशिक्षण कार्यक्रम और सामग्री वितरण केंद्रों की तैयारी की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने निर्वाचन कार्य में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक स्तर पर समयबद्ध ढंग से कार्य सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने जनपद में आदर्श आचार संहिता के पालन पर निगरानी रखने के लिए निगरानी समितियों को सक्रिय करने के निर्देश दिए।

अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि चुनाव कार्य में पूर्ण सजगता और गंभीरता बरती जाए, ताकि जनपद में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफल चुनाव संपन्न कराया जा सके।

*महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा की जाएगी खान – पान की व्यवस्था*

जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण चुनाव में खान पान आदि की व्यवस्था स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से ही कराई जाए। इसके लिए उन्होंने संबंधितों को निर्देशित किया कि सभी ब्लॉकों में स्वयं सहायता समूहों को चयनित कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से महिलाओं की आर्थिकी बढ़ाने में मदद मिलेगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी सीएस मर्तोलिया समेत सभी प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला सूचना अधिकारी अल्मोड़ा।

This post was published on 23/06/2025 1:09 PM

swati tewari: working in digital media since 5 year