X

Uttarakhand सैलून में देह व्यापार का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार, आठ युवतियां रेस्क्यू

देहरादून। चकराता रोड पर नेचर ट्रू स्पा एंड सैलून में देह व्यापार का पर्दाफाश हुआ है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल ने छापेमारी कर स्पा सेंटर के मालिक अनुज सिंह, संचालक सागर चौधरी और दो ग्राहकों अभय नयन व विपिन धनकड़ को गिरफ्तार किया है। मौके से आठ युवतियों को रेस्क्यू कर नारी निकेतन भेजा गया है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि चकराता रोड पर स्थित स्पा सेंटर में स्पेशल सर्विस के नाम पर अनैतिक देह व्यापार चल रहा है। जस्ट डायल के जरिए ग्राहकों से संपर्क किया जाता था। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल ने छापा मारकर दो महिलाओं और दो पुरुषों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मसाज के साथ-साथ अतिरिक्त शुल्क पर अनैतिक सेवाएं दी जा रही थीं। गिरफ्तार आरोपियों में स्पा मालिक अनुज सिंह (सहारनपुर, रामपुर मनिहारन), संचालक सागर चौधरी (छिदबना, सहारनपुर) और दो ग्राहक अभय नयन व विपिन धनकड़ (मुरलीवाला, बिजनौर) शामिल हैं। रेस्क्यू की गई युवतियों का सत्यापन नहीं हुआ था। आरोपियों के खिलाफ थाना कैंट में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी ने सभी स्पा सेंटरों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। यह लगातार दूसरा दिन है जब एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल ने देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई की है। इससे पहले कोतवाली शहर के एक गेस्ट हाउस में छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था। देहरादून के स्पा सेंटर पहले भी कई बार विवादों में रहे हैं। बीते तीन वर्षों में छह स्पा सेंटरों में देह व्यापार का भंडाफोड़ हो चुका है। सत्यापन में ढिलाई, नियमों का उल्लंघन, कर्मचारियों की गैर-प्रशिक्षितता और खराब सीसीटीवी जैसी खामियां सामने आई हैं। वर्ष 2022 में 14 स्पा सेंटरों के चालान किए गए थे। प्रशासन ने स्पा सेंटरों के लिए पुरुष और महिला कर्मचारियों द्वारा उसी लिंग के ग्राहकों को सेवा देने का नियम बनाया था, लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा।

This post was published on 01/07/2025 9:31 AM

swati tewari: working in digital media since 5 year