X

उत्तराखंड: यहाँ नदी में नहाने गए पांच किशोरों में से दो की पानी में डूबने से मौत

चमोली जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। पनाई गांव के लोदियागाड़ गदेरे में नहाने गए पांच किशोरों में से दो की पानी में डूबने से मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम पसर गया है। मृतकों की पहचान दिव्यांशु (14) और गौरव (15) के रूप में हुई है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम नगर क्षेत्र के पांच किशोर नहाने के लिए पनाई गांव के पास स्थित लोदियागाड़ गदेरे पहुंचे थे। नहाते वक्त अचानक तेज बहाव के कारण सभी का संतुलन बिगड़ गया और वे बहने लगे। तीन किशोर किसी तरह किनारे लगने में सफल रहे, लेकिन दो गहरे पानी की धार में समा गए।स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल प्रशासन को दी, जिसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। कुछ दूरी पर दोनों किशोरों के शव बरामद किए गए।थानाध्यक्ष राकेश चंद्र भट्ट ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।

गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।यह घटना एक बार फिर बताती है कि बरसाती नालों, गधेरों और तेज धाराओं में नहाना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बच्चों को ऐसी जगहों पर जाने से रोकें और सावधानी बरतें।

This post was published on 15/07/2025 4:26 AM

swati tewari: working in digital media since 5 year
Related Post