प्राकृतिक आपदा के चलते कोटक महिंद्रा बैंक ने की विशेष पहल, खाद्य सामग्री प्रभावित क्षेत्रों को की रवाना
देहरादून, 10 अगस्त। प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास हेतु कोटक महिंद्रा बैंक ने विशेष पहल की है। बैंक के सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत तैयार की गई आपदा राहत सामग्री को माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के कर कमलों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस राहत सामग्री में 10 से 12 दिनों तक के लिए पर्याप्त कच्चा राशन- आटा, चावल, दालें, मसाले, खाद्य तेल-के साथ-साथ दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएँ जैसे टूथपेस्ट, नहाने एवं कपड़े धोने का साबुन, महिलाओं के लिए सेनेटरी पैड तथा बच्चों के लिए डायपर आदि शामिल हैं। यह संपूर्ण सामग्री प्रभावित परिवारों की तात्कालिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सावधानीपूर्वक तैयार की गई है।
इस अवसर पर कोटक महिंद्रा बैंक की ओर से शोभित अग्रवाल (सर्कल हेड), अनुज कपूर (एरिया हेड), रजत जैन (एरिया हेड) सहित बैंक की अन्य टीम सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही, बैंक के सहयोगी एनजीओ सेवा ट्रस्ट के गणमान्य प्रतिनिधि जगदीश मंगाई, टकाराम एवं अन्य टीम सदस्य भी मौजूद रहे, जिन्होंने अल्प समय में राहत सामग्री की संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की है।
कोटक महिंद्रा बैंक प्रदेश के नागरिकों के साथ इस कठिन समय में एकजुट खड़ा है तथा प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
This post was published on 10/08/2025 3:00 PM