X

Uttarakhand बहुचर्चित EVCL क्रिकेट लीग के फर्जीवाडे का SSP NAINITAL ने किया खुलासा

गौलापार स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में प्रस्तावित ईवीसीएल (एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग) के नाम पर की गई बड़ी धोखाधड़ी का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने फ्रेंचाइजी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले लीग के आयोजक और मालिक विकास ढाका को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विकास ढाका उत्तर प्रदेश के नोएडा, सेक्टर A-162 का निवासी है। उसने हल्द्वानी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में EVCL लीग क्रिकेट मैच आयोजित कराने और उसमें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के नामी खिलाड़ियों के शामिल होने का झांसा देकर कई लोगों को फ्रेंचाइजी बेच दी थी।

एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस प्रकरण में पहली शिकायत सितारगंज के पूर्व विधायक नारायण पाल द्वारा दर्ज कराई गई थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने ईवीसीएल में “उत्तराखंड सोल्जर्स” टीम की फ्रेंचाइजी खरीदी थी। आयोजक विकास ढाका ने 50 लाख रुपये की फ्रेंचाइजी फीस बताई थी, जिसमें 10 लाख रुपये की छूट देकर सौदा तय किया गया। पीड़ित के अनुसार उन्होंने तीन लाख रुपये नकद और छह लाख रुपये अन्य माध्यम से कुल 9 लाख रुपये का भुगतान किया, लेकिन बाद में उन्हें ठगा गया।

वहीं दूसरी शिकायत हेमंत शर्मा, जो यूपी वॉरियर्स टीम के मालिक हैं, ने दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए अलग-अलग माध्यमों से कुल 23 लाख रुपये का भुगतान किया। इसमें 18 लाख रुपये आयोजक के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए, जबकि पांच लाख रुपये होटल में क्रेडिट कार्ड के जरिए दिए गए।

दोनों शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आयोजक विकास ढाका ने इरफान पठान, हरभजन सिंह, प्रवीन कुमार समेत कई अंतरराष्ट्रीय और रणजी खिलाड़ियों के लीग में खेलने का दावा किया था। हालांकि बाद में यह सामने आया कि किसी भी खिलाड़ी को आयोजन के लिए आधिकारिक तौर पर सूचित तक नहीं किया गया था।

गौरतलब है कि EVCL लीग के मैच 3 फरवरी से 12 फरवरी तक हल्द्वानी के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में प्रस्तावित थे। अधूरी तैयारियों के बीच 3 फरवरी को दर्शक भी स्टेडियम पहुंचे, लेकिन आयोजकों ने निजी कारणों का हवाला देकर मैच स्थगित कर दिए। इसके बाद ठगी का शक गहराया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने दोनों तहरीरों के आधार पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी विकास ढाका को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि अब यह जांच की जा रही है कि आरोपी ने और कितने लोगों के साथ इस तरह की ठगी की है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

This post was published on 06/02/2026 2:16 PM

swati tewari: working in digital media since 5 year