X

Uttarakhand: प्रदेश में दादी-नानी योजना’ की तैयारी

News uttarakhand

देवभूमि उत्तराखंड में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए विशेष योजना लाने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रस्तावित ‘दादी-नानी योजना’ के तहत वृद्ध महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी सहारा देने के लिए अलग से नीति बनाई जाएगी। सरकार का लक्ष्य नए वित्तीय वर्ष से इस योजना को धरातल पर उतारना है।

 

 

 

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के निर्देश पर विभाग ने राज्यभर में 60+ आयु वर्ग की महिलाओं से फीडबैक लेना शुरू कर दिया है। अधिकारी विभिन्न संस्थाओं, वृद्धाश्रमों और घरों में रह रही महिलाओं से मिलकर उनकी जरूरतों और चुनौतियों पर सुझाव जुटा रहे हैं। इन सुझावों के आधार पर योजना और नीति का प्रारूप तैयार किया जाएगा।राज्य निर्माण से लेकर विकास तक महिलाओं की अहम भूमिका रही है। इसी को देखते हुए सरकार पहले से ही महिलाओं के लिए राज्याधीन सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, पंचायतों में 50 प्रतिशत और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू कर चुकी है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास भी जारी हैं।

 

 

 

हालांकि वृद्ध महिलाओं के दृष्टिकोण से अब तक वृद्धावस्था पेंशन के अलावा कोई विशेष समग्र योजना नहीं थी। ‘दादी-नानी योजना’ के जरिए सरकार पेंशन से आगे बढ़कर स्वास्थ्य, डिजिटल साक्षरता, बैंकिंग सहायता और अकेले रह रही महिलाओं की देखभाल जैसे मुद्दों को भी शामिल करने पर विचार कर रही है।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा, “राज्य में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के सामने जीवनयापन की जो चुनौतियां हैं, उनके बारे में जानकारी और सुझाव लिए जा रहे हैं। पेंशन के साथ सरकार उनका और कैसे सहारा बन सकती है, इस पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उनके अनुभवों के आधार पर ही योजना और नीति तैयार की जाएगी।”

This post was published on 05/03/2026 2:53 AM

D S Sijwali: Work on Mass Media since 2002 ........
Related Post