अल्मोड़ा शहर के धारानौला क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, धारानौला रोड के पास यह घटना उस समय हुई जब बरेली निवासी महेश सैनी, जो वर्तमान में अल्मोड़ा में रह रहे हैं, एक बारात समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान एक कार चालक कथित रूप से नशे की हालत में वहां पहुंचा और महेश सैनी समेत तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक मौके से कार छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में ले लिया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने महेश सैनी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया, जबकि अन्य दो घायलों का उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया।और फरार चालक की तलाश की जा रही है l
इस मामले में देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने आरोपी चालक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है ।
This post was published on 30/04/2026 3:05 PM