पौड़ी जिले के डोभ (श्रीकोट) में स्थित राजकीय नर्सिंग कॉलेज का नाम बदलकर अब स्वर्गीय अंकिता भंडारी राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ (श्रीकोट), पौड़ी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
इस संबंध में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने गुरुवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिए। आदेश जारी होते ही कॉलेज के नाम परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वर्गीय अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार द्वारा प्रस्तुत सभी मांगों पर विधिसम्मत, निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के दर्द को समझती है और न्याय की लड़ाई में हर संभव सहयोग करेगी।
राजकीय नर्सिंग कॉलेज का नाम स्व. अंकिता भंडारी के नाम पर किए जाने को न्याय और संवेदना की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। यह निर्णय राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत पीड़ित परिवार को सम्मान और न्याय दिलाने का संकल्प लिया गया है।

