• Mon. Mar 23rd, 2026

    पुलिस चौकी के पास चाकूबाजी, युवक के चेहरे पर 13 टांके

    मंगलपड़ाव पुलिस चौकी से महज कुछ कदम की दूरी पर स्थित एक दुकान में घुसकर युवक पर चाकू से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसके होंठ से लेकर नाक के पास तक 13 टांके लगाए हैं।

     

    घासमंडी मंगलपड़ाव निवासी विनय राजपूत (21) सब्जी मंडी में गौतम माँगा की दुकान पर काम करता है। शुक्रवार को भी वह रोज़ की तरह काम पर गया था और दुकान के बाहर अपनी स्कूटी खड़ी की थी। दोपहर के समय स्कूटी हटाने को लेकर किसी अज्ञात युवक से उसकी कहासुनी हो गई।

     

    बताया जा रहा है कि विनय कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आरोपी युवक अपने एक साथी के साथ दुकान के अंदर घुस आया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में विनय के होंठ से लेकर नाक तक गहरा जख्म हो गया, वहीं बीच-बचाव के दौरान उसका अंगूठा भी बुरी तरह घायल हो गया।

    घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल विनय को तत्काल बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

     

    दिनदहाड़े पुलिस चौकी के पास हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

    By D S Sijwali

    Work on Mass Media since 2002 ........

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *