
सितारगंज में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सिलेंडर से भरे ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला का दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर एक बलीनगर निवासी बानो बेगम (65), पत्नी नवी शाह, अपने दामाद के साथ खटीमा रोड स्थित सरकारी अस्पताल दवा लेने गई थीं। दोपहर करीब 12 बजे दवा लेकर दोनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे महाराणा प्रताप चौक से सिडकुल रोड की ओर बढ़े, श्री हरि होटल के सामने सिलेंडर से भरे एक ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक महिला को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। ट्रक के पिछले टायर की चपेट में आने से बानो बेगम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं स्कूटी चला रहा दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सितारगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बानो बेगम अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं।
सितारगंज कोतवाली के एसआई ललित चौधरी ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

