फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारीने आयोजित की बैठक
अल्मोड़ा, 20 मार्च 2026 (सूवि): अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में आज उत्तराखंड चिकित्सा चयन बोर्ड द्वारा आयोजित फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा दिनांक 22 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। जनपद अल्मोड़ा में यह परीक्षा सोबन सिंह जीना राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्थापित परीक्षा केंद्र पर संपन्न कराई जाएगी, जिसमें कुल 275 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान शांति एवं सुव्यवस्था बनाए रखने हेतु समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि परीक्षा निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
बैठक में प्रिंसिपल राजकीय मेडिकल कॉलेज सीपी भैंसोड़ा, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ योगेश पुरोहित, तहसीलदार ज्योति धपवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला सूचना अधिकारी अल्मोड़ा।
This post was published on 20/03/2026 11:27 AM