Uttarakhand News: होटल में युवती का शव फंदे पर लटका मिला
मां ने युवक पर लगाया आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
जौलीग्रांट के नजदीक एक होटल में पार्किंग में काम करने वाली युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। होटल स्टाफ की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, युवती की मां ने पुलिस को शिकायत देकर एक युवक पर बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर गैंगरेप आदि के दावों को एसपी ऋषिकेश जया बलोनी ने अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित करने के लिए पुलिस उनकी पहचान के प्रयास में जुटी है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक आत्महत्या की यह घटना सात जनवरी की सुबह की है। छह फरवरी की रात 21 वर्षीय युवती अपने दोस्त के साथ होटल में पहुंची थी। यहां एक कमरे में रुकने के बाद उन्होंने अगले दिन सात फरवरी की सुबह होटल से चेकआउट किया। कुछ देर बाद फिर से युवती होटल पहुंची। कमरे में कुछ सामान छूटने की बात कही, लेकिन काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आई, तो होटल स्टाफ को शक हुआ। उन्होंने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
पुलिस ने युवती की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस होटल स्टाफ और युवती के दोस्त से भी पूछताछ कर रही है।
