• Wed. Apr 22nd, 2026

    अंतरराष्ट्रीय महावारी स्वच्छता दिवस पर शंकर नाट्य अकादमी में भव्य कार्यक्रम, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य रही मुख्य अतिथि

    अल्मोड़ा, 28 मई 2025 (सूवि)। “सशक्त महिला सशक्त समाज” अंतरराष्ट्रीय महावारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर आज उदय शंकर नाट्य अकादमी में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के मुख्य आतिथ्य में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में महिला माहवारी स्वच्छता के विषय में जागरूकता बढ़ाने हेतु विषय विशेषज्ञों ने उपस्थित किशोरियों एवं महिलाओं को विभिन्न जानकारियां दी। किशोरियों से इस विषय को लेकर उनके सवालों का जवाब दिया तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के संबंध में विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।कार्यक्रम में पहुंची कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महावारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य है कि महिलाओं और हमारी बालिकाओं को इस प्राकृतिक क्रिया के बारे में विभिन्न जानकारियां हों, वें जागरूक हों तथा इस विषय को लेकर लोगों में व्याप्त भ्रांतियों का उन्मूलन हो। उन्होंने कहा कि अभी भी हमारे समाज में माहवारी जैसी प्राकृतिक क्रिया को लेकर कई भ्रांतियां एवं कुरीतियां व्याप्त है, लोग इस विषय पर खुलकर बात नहीं करते। कहा कि यह विषय बहुत गंभीर तथा संवेदनशील है, इस विषय को लेकर लोगों को अपनी मानसिकता बदलनी होगी। उन्होंने उपस्थित सभी बालिकाओं एवं महिलाओं को कहा कि महावारी के दौरान स्वयं को अपवित्र न समझें बल्कि इस पर आपको गर्व होना चाहिए कि प्रकृति ने इस प्रक्रिया के माध्यम से आपको इस दुनिया का सृजनकर्ता चुना है। यह शर्म का विषय नहीं है और न ही स्वयं को अशुद्ध समझने का विषय है। इस अवधि में सभी को अपनी स्वच्छता के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए तथा स्वयं का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने समाज का आव्हान करते हुए कहा कि हम आधुनिक समय में इस विषय को लेकर अपने मन में घृणा न रखें बल्कि प्रकृति की नियति को स्वीकार करें एवं महिलाओं को सम्मान दें।उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं को कहा कि अपनी दिनचर्या में व्यायाम को जगह अनिवार्य रूप से दें। योग को अपनाएं तथा अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। इस अवसर पर उन्होंने बालिकाओं को स्वच्छता किट भी प्रदान की तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में महिलाओं को सशक्त करने हेतु लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सैनेट्री पैड मात्र एक रुपए में जन औषधि केंद्र एवं आंगनवाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध है। मेयर अजय वर्मा ने भी अपने विचार रखे तथा उपस्थित सभी बालिकाओं एवं महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस विषय को लेकर जागरूकता जितनी जरूरी है, उतनी ही जरूरी स्वच्छता है। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने भी इस विषय को लेकर अपने विचार रखे तथा महावारी को लेकर विभिन्न पहलुओं पर बात की साथ ही इसके वैज्ञानिक महत्व को बताया।कार्यक्रम में संस्कृति विभाग के कलाकारों ने लोक संस्कृति की विभिन्न छटाओं से वाहवाही लूटी साथ ही राजकीय बालिका गृह बख की किशोरियों ने स्वागत गीत एवं वंदना से सभी को मोहित किया।इस कार्यक्रम का संचालन मीता उपाध्याय ने किया।इस दौरान जिलाध्यक्ष भाजपा महेश नयाल, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ आरसी पंत, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, महिला एवं बाल विकास निदेशालय से ईडीओ रवि मेलवान, अंकित कोठरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली बालिकाएं तथा महिलाएं उपस्थित थी।जिला सूचना अधिकारी अल्मोड़ा।

    By swati tewari

    working in digital media since 5 year

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *