• Tue. Apr 21st, 2026

    उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: आज से आचार संहिता लागू

    उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रेसवार्ता कर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आज से प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है।

    आयोग ने बताया कि 19 जून को पंचायतों में आरक्षण प्रक्रिया संपन्न हो गई थी, जिसके उपरांत पंचायती राज सचिवालय ने चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। राज्य निर्वाचन आयोग ने आज इस अधिसूचना को सार्वजनिक किया है। 23 जून को सभी जिलाधिकारियों द्वारा जिलास्तरीय अधिसूचना जारी की जाएगी, जिसके साथ ही चुनावी प्रक्रिया विधिवत शुरू होगी। नामांकन प्रक्रिया 25 जून से शुरू होकर 28 जून तक प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 29 जून से 1 जुलाई के बीच होगी, जबकि 2 जुलाई को उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे।चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण में तीन जुलाई को प्रतीक आवंटन किया जाएगा तथा मतदान 10 जुलाई को प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक संपन्न होगा। दूसरे चरण में 8 जुलाई को प्रतीक आवंटन के बाद 15 जुलाई को मतदान संपन्न किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया की मतगणना 19 जुलाई, 2025 को होगी।राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को चुनाव की निष्पक्षता और शांतिपूर्ण संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। चुनाव प्रक्रिया में 95 हजार अधिकारी व कर्मचारी शामिल होंगे, जिनमें 35,700 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा 5600 वाहन इस कार्य में लगाए जाएंगे।हरिद्वार को छोड़कर राज्य के अन्य 12 जिलों में चुनाव आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें ग्राम प्रधान, सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य के 66,000 से अधिक पदों के लिए मतदान होगा।आचार संहिता आज से ही लागू हो चुकी है। मतदाता सूची आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। बागेश्वर जिले के तीनों ब्लॉक में चुनाव एक ही चरण में होंगे, जबकि देहरादून जिले के तीन-तीन ब्लॉक प्रथम व द्वितीय चरण में शामिल होंगे। प्रथम चरण में दूरदराज के ब्लॉकों को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि मानसून के प्रभाव से बचा जा सके।आपदा प्रबंधन सचिव को विशेष रूप से निर्देश दिए गए हैं कि खराब मौसम की स्थिति में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के लिए 10 लाख रुपये तक के बीमा कवर की व्यवस्था होगी।

    By swati tewari

    working in digital media since 5 year

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *