श्रावणी मेले का सीएम आज जागेश्वर धाम में करेंगे शुभारंभ
डीएम एसएसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जागेश्वर (अल्मोड़ा)। जागेश्वर धाम में एक माह तक चलने वाले श्रावणी मेले का शुभारंभ बुधवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी करेंगे। मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डीएम आलोक कुमार पांडे ने मंदिर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बचे हुए कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को जागेश्वर पहुंचे डीएम ने फूलों से मंदिर को सजाने का कार्य जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने भंडारा स्थल के लिए प्रस्तावित जगह का निरीक्षण भी किया। मंदिर परिसर और भंडारा स्थल के आसपास सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।डीएम ने बताया कि सीएम दोपहर दो बजे जागेश्वर पहुंचेंगे। इसके बाद वह आरतोला पार्किंग के पास पौधरोपण करेंगे। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शाम 4:05 बजे गरुड़ाबाज हेलीपैड से देहरादून के लिए रवाना होंगे।इस मौके पर डीएफओ दीपक कुमार, सीडीओ रामजीशरण शर्मा, मेला अधिकारी एसडीएम संजय कुमार, तहसीलदार बरखा जलाल, वन क्षेत्राधिकारी आशुतोष जोशी, मंदिर समिति के उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, पूर्व प्रबंधक भगवान भट्ट, प्रकाश भट्ट आदि मौजूद रहे। संवाद
श्रावणी मेले के दृष्टिगत यातायात, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने जागेश्वर धाम पहुंचे एसएसपी अल्मोड़ा
देवेन्द्र पींचा, एसएसपी अल्मोड़ा सोमवार को जागेश्वर धाम में लगने वाले श्रावणी मेले के दृष्टिगत यातायात, सुरक्षा व्यवस्था आदि का जायजा लेने जागेश्वर धाम पहुंचे। मंदिर समिति के सदस्यों के साथ श्रावणी मेले के सम्बन्ध में चर्चा की गयी।
इस दौरान चौकी प्रभारी जागेश्वर को महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की ड्यूटियां लगाने व श्रद्धालुओं के वाहनों को आरतोला पार्किंग में सुव्यवस्थित तरीके से पार्क कराने के निर्देश दिये गये जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन के लिये आरतोला पार्किंग से जागेश्वर धाम में शटल सेवा सुचारु रहेगी।
साथ ही चौकी जागेश्वर हेतु चयनित भूमि का निरीक्षण किया गया और विगत दिनों बरामद अज्ञात शव के घटनास्थल का भी निरीक्षण कर शिनाख्त हेतु चौकी प्रभारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
इस दौरान थानाध्यक्ष धौलछीना विजय नेगी व चौकी प्रभारी जागेश्वर भगवान गिरी गोस्वामी मौजूद रहे।
