अल्मोड़ा। नौगांव से कनारीछीना लिंक सड़क तथा कनारीछीना–बिनूक पतलचौरा सड़क मार्ग के शीघ्र निर्माण के लिए बजट स्वीकृति की मांग को लेकर रीठागाड़ी दगड़ियो संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधायक कैलाश शर्मा को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन केंद्रीय राज्य सड़क परिवहन मंत्री को संबोधित करते हुए दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इन दोनों सड़कों के निर्माण की मांग कर रही है। रीठागाड़ी दगड़ियो संघर्ष समिति के सदस्यों द्वारा पिछले छह वर्षों से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस जमीनी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे क्षेत्रीय जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
समिति के अनुसार कनारीछीना–बिनूक पतलचौरा सड़क मार्ग में 16 नंबर कम्पार्टमेंट की लगभग 7.5 हेक्टेयर वन विभाग की भूमि आ रही है। बागेश्वर वन विभाग द्वारा इस भूमि पर पेड़ों और जमीन की पुष्टि कर फाइल खंड लोक निर्माण विभाग को भेज दी गई है। इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
इसी प्रकार कनारीछीना–नौगांव लिंक सड़क मार्ग के द्वितीय चरण के कार्य के लिए भी पिछले छह वर्षों से धनराशि स्वीकृत नहीं हो सकी है। सड़क न होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पतलचौरा से कनारीछीना तक नजदीकी बाजार पहुंचने के लिए बीमार और गर्भवती महिलाओं को ढाई से तीन किलोमीटर तक जोखिम भरे रास्तों से ले जाना पड़ता है।
इसके अलावा नौगांव इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बरसात के समय खराब सड़क की वजह से स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रीय जनता ने मांग की है कि जल्द से जल्द इन सड़कों के निर्माण कार्य के लिए धनराशि स्वीकृत कर कार्य शुरू कराया जाए।
इस दौरान रीठागाड़ी दगड़ियो संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रताप सिंह नेगी, मंडल अध्यक्ष मंगल रावत, भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य भगवान सिंह नेगी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बालम सिंह बानी, कुशल सिंह डसीला, बहादुर सिंह डसीला, पंकज पांडे, नारायण दत्त भट्ट, किशन राम, बलवंत सिंह नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

