कैबिनेट मंत्री बनने के बाद प्रथम बार राम सिंह कैड़ा के प्रथम हल्द्वानी आगमन पर भारतीय जनता पार्टी, नैनीताल जिला द्वारा भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
भाखड़ा पुल लामाचौड़ पर जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री कैड़ा का विशाल रैली के साथ लामाचौड़, फतेहपुर, कठघरिया, ब्लॉक, ऊंचापुल,
कुसुमखैड़ा और लालडांट समेत विभिन्न क्षेत्रों में स्वागत किया गया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं और आम जनता ने उनका अभिनंदन कर उत्साहपूर्ण माहौल बनाया।
भाजपा संभाग कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित स्वागत समारोह में जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने नैनीताल जिले को कैबिनेट में प्रतिनिधित्व मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री धामी और कैबिनेट मंत्री कैड़ा के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा जिले की सभी छह सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अपनी नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही उन्हें दोबारा विधानसभा में सेवा का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और केंद्र व राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

