• Wed. Apr 1st, 2026

    Uttarakhand LPG सप्लाई पर सरकार सख्त: किल्लत से इनकार, कालाबाजारी पर कार्रवाई के निर्देश

    NewsNews uttarakhand

    प्रदेश में घरेलू एलपीजी सिलिंडरों की सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और किसी भी जनपद में किल्लत जैसी स्थिति नहीं है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को एलपीजी की मांग और सप्लाई की समीक्षा बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर कोई कृत्रिम अभाव पैदा करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।विधानसभा स्थित सभागार में आयोजित इस समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ गैस सप्लाई कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जबकि सभी जिलों के जिला पूर्ति अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।बैठक के बाद मंत्री ने बताया कि प्रदेश में कुल 35,55,559 घरेलू एलपीजी कनेक्शन और 60,976 कमर्शियल कनेक्शन हैं। वर्तमान में 80,861 घरेलू सिलिंडर और 12,146 कमर्शियल सिलिंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जबकि रोजाना सप्लाई भी सुचारु रूप से पहुंच रही है।

     

    उन्होंने निर्देश दिए कि घरेलू गैस सिलिंडरों की डिलीवरी में किसी तरह की लापरवाही न हो और सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। गैस एजेंसियों या स्टोर से सीधे सिलिंडर देने पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की एसओपी के अनुसार अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को कमर्शियल गैस की नियमित सप्लाई की जा रही है। साथ ही, नए कमर्शियल कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले व्यवसायियों को 24 घंटे के भीतर कनेक्शन देने के निर्देश गैस कंपनियों को दिए गए हैं।

     

    प्रदेश सरकार कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के खिलाफ लगातार सख्ती बरत रही है। अब तक 173 स्थानों पर छापेमारी की गई है और 15 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।

     

    इसके अलावा, राज्य में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र भेजकर पीएनजी लाइन के लिए जल्द एनओसी जारी करने का अनुरोध किया जाएगा।

    By swati tewari

    working in digital media since 5 year

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *