हरिद्वार में एकतरफा प्यार के चलते एक युवक ने सनसनीखेज कदम उठाते हुए खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मामला रानीपुर कोतवाली क्षेत्र का है, जहां फैजाबाद (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला युवक अपनी गांव की एक युवती से मिलने पहुंचा था।युवती ने पुलिस को बताया कि युवक ने उसके साथ मारपीट की, मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी का मोबाइल नंबर लेकर उसकी लोकेशन ट्रेस करनी शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, युवती यहां एक फैक्ट्री में नौकरी करती है। युवक अचानक उससे मिलने पहुंचा और उसके पास अवैध पिस्टल भी थी। युवती ने किसी तरह खुद को बचाते हुए पुलिस को सूचना दी।
मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम आरोपी का पीछा करते हुए बहादराबाद स्थित इंडियन बॉटलिंग प्लांट (गैस प्लांट) क्षेत्र के पास पहुंची। लेकिन इससे पहले कि पुलिस उसे पकड़ पाती, युवक ने बाउंड्री वॉल के पीछे खाली मैदान में अपनी कनपटी पर पिस्टल से गोली मार ली।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह और एसपी सिटी अभय सिंह मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से पिस्टल को कब्जे में लिया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक के पास पिस्टल कहां से आई और युवती के साथ उसका विवाद क्या था। दोनों पक्षों के परिजनों को हरिद्वार बुलाया गया है, जिनसे पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
👉 फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की असली वजह जानने का प्रयास जारी है।

