• Sat. Apr 4th, 2026

    जंगल गई महिला को जंगली जानवर उठा ले गया, 4 किमी अंदर मिला अधखाया शव

    News update

    उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भीमताल ब्लॉक के सूर्या गांव में घास लेने जंगल गई महिला को जंगली जानवर उठा ले गया। देर रात उसका अधखाया शव जंगल के भीतर 2 से 4 किलोमीटर अंदर मिला, जिसे ग्रामीण बड़ी मुश्किल से गांव तक लेकर आए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

     

     

     

    मृतका की पहचान हंसी देवी (पत्नी लाल सिंह) के रूप में हुई है। वह शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे रोज की तरह मवेशियों के लिए घास लेने जंगल गई थीं, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटीं।परिजनों को जब देर तक उनकी कोई खबर नहीं मिली तो चिंता बढ़ गई। ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की गई। गांव के लोग अलग-अलग दिशाओं में जंगल की ओर निकले, क्योंकि यह इलाका पहले से ही वन्यजीवों की गतिविधियों के लिए जाना जाता है।जंगल में मिले कपड़े, बढ़ी अनहोनी की आशंका

    तलाशी के दौरान जंगल के भीतर महिला के कपड़े मिले, जिससे अनहोनी की आशंका गहरा गई। इसके बाद तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

    वन विभाग को शाम करीब 6 बजे सूचना मिली, जिसके बाद रेंजर नितिन पंत के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। अंधेरे के बावजूद कई घंटे तक जंगल में तलाश जारी रही।काफी खोजबीन के बाद महिला का शव जंगल के अंदर 2 से 4 किलोमीटर दूर बरामद हुआ। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत था। महिला का एक हाथ और एक पैर जंगली जानवर खा चुका था। शव को जिस तरह से अंदर घसीटा गया था, उससे हमले की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

    ग्रामीणों ने डंडों के सहारे शव को पहुंचाया गांव

    जंगल के कठिन रास्तों के चलते शव को बाहर लाना बेहद मुश्किल था। ग्रामीणों ने कपड़े की पोटली बनाकर शव को डंडों के सहारे कंधों पर उठाकर गांव तक पहुंचाया। यह दृश्य बेहद मार्मिक था।डीएफओ आकाश गंगवार के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हमला गुलदार ने किया है या बाघ ने। शव के सैंपल लेकर डीएनए जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही हमलावर की पुष्टि हो सकेगी।पहले भी दिख चुका है बाघ, ग्रामीणों में दहशत

    स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी बाघ देखे जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है।घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और हमलावर जानवर को जल्द पकड़ने की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई गई।

    By swati tewari

    working in digital media since 5 year

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *