अल्मोड़ा : बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन व पारदर्शी बनाने के लिए डीएम अंशुल सिंह ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
अल्मोड़ा। आगामी बोर्ड परीक्षाओं के सफल, पारदर्शी एवं नकलविहीन संचालन को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षाएं पूरी तरह निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराई जाएं और किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तत्काल तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित रख-रखाव, सीसीटीवी, पेयजल, विद्युत एवं फर्नीचर जैसी मूलभूत सुविधाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों का रैंडम निरीक्षण एवं चेकिंग करने को कहा, ताकि परीक्षा प्रक्रिया की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में उत्तराखंड सरकार द्वारा लागू सख्त नकल विरोधी कानून के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया, जिससे परीक्षार्थियों, अभिभावकों एवं आमजन को कानून के प्रावधानों की जानकारी मिल सके और नकल जैसी कुप्रथा पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा अवधि में पूर्ण जिम्मेदारी और सजगता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिराम कोहली, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक एवं बेसिक), समस्त खंड शिक्षा अधिकारी तथा वर्चुअली रूप से सभी उपजिलाधिकारी उपस्थित रहे।
