विधायक के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने ठोका लोक निर्माण विभाग में तंबू,अनिश्चितकालीन धरना हुआ प्रारम्भ
लोक निर्माण विभाग पर दस करोड़ से अधिक की धनराशि का कार्य बिना टेंडर चहेतों को देने का आरोप
अल्मोड़ा-आज लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड की कार्य शैली से आक्रोशित कांग्रेस जनों ने अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग के प्रांगण में तंबू लगा कर अनिश्चितकालीन धरना प्रारंभ कर दिया।अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग प्रान्तीय खण्ड के अधिशासी अभियंता के द्वारा दस करोड़ तेईस लाख की धनराशि से चौंसली डोबा मोटर मार्ग किलोमीटर दो से वैकल्पिक लिंक मोटर मार्ग का कार्य बिना टेंडर अपने चहेतों को देकर नियम कानून की धज्जियां उड़ा दी है।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने अपने इस कृत्य से भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। उन्होंने कहा कि बिना टेंडर किए नियमों को ताक पर रखकर लोक निर्माण विभाग का द्वारा अपने चहेतों को करोड़ों का यह कार्य देना स्पष्ट करता है कि विभागीय अधिकारी अपने पदों का दुरूपयोग करते हुए अपने लाभ के लिए सरकारी धन की बंदरबांट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज से उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के कार्यालय में टैंट लगाकर धरना प्रारंभ कर दिया है और यह धरना तब तक निरन्तर जारी रहेगा जब तक इस मनमाने तरीके से किए कार्य को बन्द कर उक्त कार्य के टेंडर नहीं निकाल दिए जाते।
उन्होंने कहा कि इस नियम विरुद्ध किए कार्य के लिए जिम्मेदार लोक निर्माण विभाग प्रान्तीय खण्ड के अधिशासी अभियंता पर भी कार्यवाही की जाए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के इस कृत्य ने विभाग की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स की गाढ़ी कमाई को इस तरह से बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी। जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज ने कहा कि कल लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खण्ड एवं सर्किल कार्यालय में भी तालाबंदी की जाएगी।नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी ने कहा कि भ्रष्टाचार के भेंट चढ़ी चौंसली डोडा मोटर मार्ग किलोमीटर दो से वैकल्पिक लिंक मोटर मार्ग में ठीक आपदाकाल के समय में गुपचुप तरीके से कार्य प्रारंभ किया जाना भ्रष्टाचार को उजागर करता है।
पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर पाण्डेय ने कहा कि लोक निर्माण विभाग प्रान्तीय खण्ड अल्मोड़ा द्वारा निर्माण कार्यों में गुपचुप तरीके से कार्यों की बंदरबांट कराना सरासर अन्याय एवं जनता के धन का दुरुपयोग है। निर्माण कार्यों में पंजीकृत सभी ठेकेदारों को नियमानुसार निविदाएं आमंत्रित कर कार्यों को आवंटन करना ही विभाग का दायित्व होता है। लेकिन विभाग इसके विपरीत गुपचुप तरीके से अपने चहेतों को निर्माण कार्यों का आवंटन कर रहा है जिसके खिलाफ कांग्रेस पार्टी लगातार विरोध करने का कार्य करेगी।
आज धरने में अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज, महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर पाण्डेय, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, पूर्व दर्जामंत्री पूरन रौतेला,गोविंद सिंह मेहरा,गीता मेहरा,भैरव गोस्वामी,सुशील साह,अख्तर हुसैन,गौरव वर्मा,हरीश भट्ट,मनोज वर्मा, जगदीश पांडे,नवाज खान, देवेंद्र कनवाल,मनोज जोशी,अमन अंसारी,दीप सिंह डांगी, कार्तिक साह, देवेंद्र बिष्ट, निर्मल रावत, धीरेन्द्र गैलाकोटी,पवन मेहरा,दिनेश पिलख्वाल,अजीत कार्की,प्रदीप बिष्ट,परितोष जोशी, नारायण पांडे, अमरजीत भाकुनी,विनोद वैष्णव सहित दर्जनों कांग्रेसजन शामिल रहे।