भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी प्रदेश सचिव राजेंद्र सिंह नेगी ने कहा है कि लोस चुनाव में प्रदेश में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी लगातार बढ़त बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि पांच में तीन पर जीत पक्की हो चुकी है जबकि दो में प्रत्याशियों के प्रति रूझान लगातार बढ़ रहा है। 19 अप्रैल को मतदान की तिथि तक इन सीटों पर भी जनता गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में जाएगी और प्रदेश की पांचों सीटों में जीत का परचम लहराएगा। नेगी बुधवार को अल्मोड़ा कांग्रेस दफ्तर में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने भाजपा सरकार पर जम कर निशाना साधा। कहा कि भ्रष्टाचार बेरोजगारी महंगाई व महिला तथा दलित उत्पीड़न जैसे मुद्दे पर मुखर होकर भाजपा 2014 में केंद्र में सत्ता में आई लेकिन इसके बाद यह सभी मुद्दे गौण हो गए हैं। हालत यह है कि मजदूरों के लिए बने कानूनों को समाप्त किया जा रहा है। हालांकि श्रमिकों से विरोध से इसकी रफ्तार कम हुई है। वहीं किसानों की मांगों पर ध्यान देने के बजाय उनकी उत्पीड़न किया गया हालत यह रही कि 750 से अधिक आंदोलन के दौरान शहीद हो गए। सरकारों किसानों के दबाव में कानूनों को वापस लेने को मजबूर हुई। महिला व दलित उत्पीड़न के इन दस सालों में नए रिकार्ड बने हैं। कर्मचारियों की पेंशन नहीं दी जा रही है वहीं नौकरी के दरवाजे बंद कर दिए गए हैं। पांच किलो राशन देकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उत्तराखंड में सेना में जाने का गौरवशाली इतिहास रहा है और अब भाजपा नेता कहते हैं सेना रोजगार के लिए नहीं बल्कि देश सेवा के लिए है। उन्होंने इस बयान पर एतराज जताते हुए अग्निवीर योजना को युवाओं के प्रति धोखा करार दिया।
कहा कि अंकिता हत्याकांड का खुलासा नहीं होने तथा वीआईपी का नाम जगजाहिर नहीं करने से भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ी है। उन्होंने उद्योगों को बेचने की साजिक का भी आरोप लगाया कहा कि रोजगार तथा महंगाई के मामले में सरकार पूरी तरह फेल रही है। कहा कि प्रदेश में जमीनों की अवैध खरीद फरोख्त में सरकार का संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पौड़ी हरिद्वार व नैनीताल सीट पर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन चुका है अल्मोड़ा व टिहरी में भी जनता हाथ का साथ देने जा रही है। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता निर्वतमान नपा अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि जनता की खामोशी परिवर्तन का संकेत है। कांग्रेस के साथ बना इंडिया गठबंधन लोस चुनाव में अल्मोड़ा सहित सभी सीटों पर जीत दर्ज कराएगा। इस मौके पर इंडिया गठबंधन के जिला संयोजक डा मनोज जोशी सीपीएम के जिला सचिव आरपी जोशी जनवादी नौजवान सभा के प्रदेश अध्यक्ष युसूफ तिवारी जनवादी महिला समिति की एड सुनीता पांडे पूर्व दर्जा मंत्री केवल सती आदि मौजूद रहे।
