अल्मोड़ा/देघाट: जनपद के देघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत चिन्तोली गांव में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई, जिसकी चपेट में आने से एक ही गांव के दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे की खबर मिलते ही चिन्तोली गांव में कोहराम मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली इतनी तेजी से पलटी कि उसमें सवार युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे ट्रॉली के नीचे दब गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और ट्रॉली के नीचे फंसे युवकों को बाहर निकालने की कोशिश की। ग्राम प्रहरी चंदन सिंह ने तत्काल घटना की सूचना देघाट थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने दर्शन सिंह (24 वर्ष) और चंदन सिंह (24 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल गोपाल सिंह (24 वर्ष) और नरेंद्र सिंह (18 वर्ष) की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे का शिकार हुए चारों युवक एक ही गांव चिन्तोली के रहने वाले थे और आपस में गहरे दोस्त थे। एक ही झटके में दो होनहार युवाओं की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

