अल्मोड़ा। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी और कोतवाली अल्मोड़ा की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत की स्मैक बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर जनपद में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 5 मार्च 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में कोतवाली अल्मोड़ा और एसओजी की संयुक्त टीम ने बेस तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल (UK04-AP-5711) को रोका।
तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल में सवार दो युवकों के कब्जे से कुल 16.08 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई। बरामद स्मैक की बाजार कीमत लगभग 4 लाख 82 हजार 400 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव बिष्ट उर्फ डांसर (25 वर्ष) निवासी सरकार की आली, खोल्टा और सौरभ भंडारी (22 वर्ष) निवासी न्यू इंद्रा कॉलोनी, खत्याड़ी अल्मोड़ा के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ कोतवाली अल्मोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गौरव बिष्ट के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने कहा कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आनंद बल्लभ कश्मीरा (प्रभारी चौकी धारानौला), कांस्टेबल राजेश भट्ट और कांस्टेबल गणेश दत्त पांडे (एसओजी अल्मोड़ा) शामिल रहे।

