भीमताल सड़क हादसे में घायलों का हालचाल जानने सुशीला तिवारी हॉस्पिटल पहुंचे सीएम धामी
आज हल्द्वानी पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल सड़क हादसे में घायलों का हालचाल जानने के लिए सुशीला तिवारी हॉस्पिटल का दौरा किया। देहरादून से हल्द्वानी पहुंचकर सीएम धामी सबसे पहले सड़क हादसे में घायलों का हालचाल जानने के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे।बता दे कि विगत दिवस भीमताल के पास रोडवेज की एक बस गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज सुशीला तिवारी हॉस्पिटल में चल रहा है, और गंभीर रूप से घायल दो मरीजों को आज ऋषिकेश एम्स एयरलिफ्ट किया गया।मुख्यमंत्री धामी ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और सड़क हादसे में मृतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए हर स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी पहुंच कर भीमताल बस दुर्घटना में घायल लोगों का हाल-चाल जाना। इस दौरान चिकित्सकों से भी घायलों के उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की।अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा जाए और घायलों को हर संभव उपचार उपलब्ध कराया जाए। सरकार इस घटना से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदनशील है और उनकी हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है।
