अल्मोड़ा जिले में आज होने वाली संघ लोक सेवा आयोग की सीडीएस और एनडीए की परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी हो गई है। परीक्षा की तैयारी को लेकर शनिवार को बैठक हुई। बताया कि 11 केंद्रों में आयोजित सीडीएस परीक्षा में 1227 और एनडीए परीक्षा में कुल 1799 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। दोनों परीक्षाओं का आयोजन सुबह आठ से शाम पांच बजे तक अलग-अलग पालियों में होगा।
कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में एडीएम सीएस मर्तोलिया ने परीक्षा केंद्रों के लिए नामित सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
अल्मोड़ा में आज रहेगा यातायात व्यवस्था में बदलाव
अल्मोड़ा। एसएसपी रचिता जुयाल ने अल्मोड़ा नगर की मालरोड पर लागू वन-वे व्यवस्था में आंशिक परिवर्तन किया है। उन्होंने रविवार यानि आज संघ लोक सेवा आयोग की सीडीएस और एनडीए परीक्षा के आयोजन तक मालरोड पर वन वे व्यवस्था लागू रखने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, नगर की मालरोड पर सोमवार से शनिवार तक वन व्यवस्था लागू रहती है। रविवार को मालरोड पर वन-वे व्यवस्था हो हटा दिया जाता है। ऐसे में आज संघ लोक सेवा आयोग की सीडीएस और एनडीए की लिखित परीक्षा को लेकर माल रोड में यातायात व्यवस्था को सुचारु व निर्बाध रखने के लिए वन-वे यातायात में आंशिक बदलाव किया गया है।
संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा को धारा 144 लागूः संघ लोक सेवा आयोग दिल्ली की ओर से एनडीए और एनएसीडीसी की लिखित परीक्षा के दिन केंद्रों की 200 मीटर परिधि में धारा 144 लागू करने के आदेश एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने दिए हैं। यह आदेश सुबह आठ से शाम पांच बजे तक सभी परीक्षा केंद्रों में लागू रहेगा।
