• Wed. Feb 11th, 2026

साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त मेजर को लगाई 50 लाख रुपये की चपत

शेयर बाजार में निवेश के नाम पर साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त मेजर को 50 लाख रुपये की चपत लगा दी। ठगों ने टेलीग्राम एप पर सेवानिवृत्त मेजर को विभिन्न ग्रुप में जोड़ा और उन्हें निवेश करने पर 300 प्रतिशत मुनाफे का झांसा दिया। वसंत विहार थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में वसंत विहार निवासी सेवानिवृत्त मेजर डा. राजेश मित्तल ने बताया कि वह शेयर बाजार में निवेश करते हैं। 14 दिसंबर 2023 को उन्हें वाट्सएप पर मैसेज आया, जिसमें उन्हें शेयर बाजार में निवेश के साथ अधिक मुनाफा कमाने की बात कही गई। उन्हें टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया।


यह ग्रुप 10 मई 2023 से चल रहा था और वर्तमान में इस ग्रुप में 273 सदस्य थे। हर दिन शाम सात बजे उन्हें इसी ग्रुप पर कुणाल सिंह नाम का व्यक्ति शेयर बाजार के बारे में जानकारी देता था। ग्रुप पर कुणाल सिंह की एक सहायक इशिता सिंह भी थी, जो टेलीग्राम एप के माध्यम से समूह के सभी सदस्यों को बाजार के बारे में उतार-चढ़ाव की जानकारी देती थी।
कुणाल सिंह दावा करता था कि वह निवेशकों को 300 प्रतिशत तक का मुनाफा कराएगा। निवेश करने के लिए उन्हें विशेषाधिकार खाते खोलने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। बताया गया कि इसमें किसी भी समय धनराशि निकाली जा सकती है।
सेवानिवृत्त मेजर मित्तल ने बताया कि जब उन्होंने विशेषाधिकार खाते में लाखों रुपये जमा करने में अपनी रुचि दिखाई, तो उन्हें वीआइपी समूह नामक एक अन्य ग्रुप में जोड़ा गया। यहां उनके दो खाते खोले गए, इनमें एक विशेषाधिकार खाता जबकि दूसरा वीआइपी खाता बताया गया। उन्होंने विशेषाधिकार खाते में 10 लाख रुपये और वीआइपी खाते में 40 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।


ट्रेडिंग करते समय उनके खाते में एक करोड़ 71 लाख रुपये की धनराशि दिख रही थी। जब 21 फरवरी 2024 को उन्होंने अपने खाते से धनराशि निकालने का प्रयास किया तो कुणाल सिंह व इशिता सिंह ने टाल-मटोल शुरू कर दी। इसके बाद एडमिन व सहायक ग्रुप को लेफ्ट कर गए और कुछ समय बाद ग्रुप बंद हो गए। वसंत विहार थानाध्यक्ष महादेव उनियाल ने बताया कि शिकायत पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

By swati tewari

working in digital media since 5 year

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *