• Sun. Mar 29th, 2026

    अल्मोड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान जारी, दीपावली पर मिलावटी खाद्य पदार्थों पर सख्ती

    अल्मोड़ा। दीपावली पर्व के मद्देनज़र खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद अल्मोड़ा में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान शुरू किया है। सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) ललित मोहन पांडे ने बताया कि आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड देहरादून तथा उपायुक्त, कुमाऊं मंडल के निर्देशों के क्रम में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत अब तक सल्ट, भिकियासैंण, चौखुटिया, रानीखेत और अल्मोड़ा क्षेत्रों में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से मावा के 2, चॉकलेट के 1, मिठाई के 4, घी के 1 तथा तेल के 1 नमूने जांच हेतु एकत्र किए गए हैं। इस प्रकार अब तक कुल 9 नमूने परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत 21 खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया या प्रस्तुत नहीं किया गया, तो संबंधितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान कुल 40 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय दुकानदारों को स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें यह भी कहा गया कि एक्सपायरी या कालातीत खाद्य पदार्थों के लिए अलग स्थान निर्धारित करें तथा अपने प्रतिष्ठान का पंजीकरण/अनुज्ञप्ति स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें।सहायक आयुक्त पांडे ने बताया कि दीपावली सीजन के दौरान यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। निरीक्षण टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार, अनुसेवक मोहन सिंह लटवाल और ईश्वर सिंह नेगी शामिल रहे।

    By D S Sijwali

    Work on Mass Media since 2002 ........

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *