हल्द्वानी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की ख़बर आयी है। जानकारी अनुसार युवक का शव उसी की कार में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। छात्र की महिला मित्र की ओर से इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी गयी।
पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुट गयी है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिये शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूलरूप से चम्पावत पिथौरागढ़ निवासी 23 वर्षीय पार्थ सिंह सामंत पुत्र राजेंद्र सिंह सामंत मुखानी थाना क्षेत्र के बच्ची नगर कठघरिया मुखानी में अपनी मां गीता व बहन के साथ रहता था और नैनीताल में एलएलबी चतुर्थ सेमेस्टर का छात्र था।
बीती रात पार्थ ने खाना खाया और कहा कि वह अपने दोस्त से मिलने जा रहा है। एक घंटे में लौटेगा, लेकिन लौटा नहीं। रात्रि में मां ने फोन किया तो कुछ देर में घर पहुंचने की बात कही और इसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया।
इधर मृतक युवक की मुखानी चौराहे के पास रहने वाली एक महिला मित्र ने दावा किया कि वह सुबह जब उसे भी पार्थ का फोन स्विच ऑफ मिला तो उसने पार्थ के दोस्तों को फोन किया। इसके बावजूद जब वह नहीं मिला तो वह खुद उसकी तलाश में निकली। उसे बुधवार देर रात्रि उसे आरके टेंट हाउस के पास पार्थ की कार दिखाई दी। पार्थ कार में सीट खोल कर पूरी तरह लेटा हुआ था। कार के दरवाजे भी लॉक नहीं थे। उठाने पर भी जब पार्थ नहीं उठा तो महिला मित्र ने पार्थ के परिजनों को सूचना दी।परिजन मौके पर पहुंचे और उसे एक निजी अस्पताल ले गए जहां से उन्हें एसटीएच भेज दिया गया। एसटीएच में चिकित्सकों ने पार्थ को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया है और महिला मित्र के बयानों तथा पार्थ की मृत्यु के कारणों की जांच में जुट गयी है।

