• Sun. Mar 29th, 2026

    नशे के लिए रुपये नहीं देने पर अपने ही छोटे भाई के सिर पर किया वार, इलाज के दौरान मौत

    नशे के लिए रुपये नहीं देने पर अपने ही छोटे भाई के सिर पर किया वार, मौत

    हल्द्वानी में एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ नशे के लिए रुपये नहीं देने पर बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई के सिर पर डंडे से वार कर दिया। उसे गंभीर हालत में बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में सबसे बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपी भाई पर गैर इरादतन हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मुखानी थाना क्षेत्र के बच्चीनगर लामाचौड़ निवासी हरीश चंद्र जोशी ने बीते गुरुवार को अपने तीसरे नंबर के भाई मनोज जोशी के खिलाफ सबसे छोटे भाई सूरज जोशी की हत्या के मामले की तहरीर सौंपी। तहरीर में बताया कि सूरज बेरोजगार था और मां के साथ बच्चीनगर में रहता था। पांच भाइयों में वह सबसे छोटा था जबकि मनोज तीसरे नंबर का है। आरोप है कि बीती 14 जुलाई की रात सूरज और मनोज घर के बाहर थे। इस बीच मनोज ने सूरज से नशा करने के लिए रुपये मांगे लेकिन सूरज ने रुपये नहीं होने पर मना कर दिया। इस पर मनोज ने झगड़ा शुरू कर दिया और वहीं पास में पड़ी बल्ली को उठाकर सूरज के सिर पर मार दिया। इससे सूरज लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। परिजन उसको सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां गंभीर हालत होने पर डॉक्टरों ने बरेली हाई सेंटर रेफर कर दिया. बरेली में इलाज के दौरान सूरज की मौत हो गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। पता चला है कि आरोपी मनोज स्मैक का लती है।

    By swati tewari

    working in digital media since 5 year

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *