भारत की अनाहत सिंह ने एशियाई जूनियर स्क्वॉश चैंपियनशिप के लड़कियों के अंडर-17 वर्ग में स्वर्ण पदक जीत लिया है। चीन के डालियान में अनहत ने आज फाइनल में हांगकांग की एना क्वांग को 3-1 से हराकर खिताब जीता।
इससे पहले, क्वार्टरफाइनल में अनाहत ने मलेशिया की डॉयस ली और सेमीफाइनल में मलेशिया की व्हिटनी इसाबेल विल्सन को हराया था। 2008 में जन्मी अनाहत का यह दूसरा स्वर्ण और अब तक का तीसरा पदक है। उन्होंने 2022 में थाईलैंड में एशियाई जूनियर स्क्वॉश चैंपियनशिप में लड़कियों के अंडर -15 वर्ग में अपना पहला स्वर्ण पदक जीता और 2019 में मकाऊ में एशियाई जूनियर चैंपियनशिप में लड़कियों के अंडर-13 वर्ग में कांस्य पदक जीता।
अनाहत बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वह 14 साल की उम्र में इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी थीं।
