भाकृअनुप विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन
भाकृअनुप – विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज दिनांक 8 मार्च 2026 को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के निदेशक डॉ लक्ष्मी कांत के मार्गदर्शन एवं महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष डॉ कुशाग्रा जोशी के दिशा निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ *वंदे मातरम्* तथा परिषद गीत के साथ किया गया, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और गरिमा का संचार हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता डॉ. दीपा गुप्ता, प्रवक्ता (हिंदी), एडम्स इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा थीं। उन्होंने “पर्वतीय खेती के पीछे महिलाओं का संघर्ष और शक्ति” विषय पर अत्यंत प्रेरणादायक व्याख्यान दिया। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में महिलाएँ कृषि की रीढ़ हैं और कठिन परिस्थितियों के बावजूद वे अपने श्रम, धैर्य और समर्पण से खेती तथा परिवार दोनों का सफलतापूर्वक संचालन करती हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. कामिनी बिष्ट द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समन्वयक के रूप में डॉ. अनुराधा भारतीय, डॉ. कामिनी बिष्ट, डॉ. प्रियंका खाती तथा श्रीमती रेनू सनवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस कार्यक्रम में 44 महिला कृषकों सहित कुल 51 लोगों ने प्रतिभागिता की। कार्यक्रम के दौरान महिला किसानों के अनुभवों और उनके योगदान पर भी चर्चा की गई, जिससे सभी प्रतिभागियों को प्रेरणा और नई ऊर्जा प्राप्त हुई।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में श्रीमती रेनू सनवाल द्वारा सभी प्रतिभागियों तथा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही महिलाओं की भूमिका को समाज एवं कृषि क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

