• Tue. Mar 31st, 2026

    घर में घुसकर महिला को उठा ले गया तेंदुआ, क्षेत्र में दहशत

    हल्द्वानी के ब्ल्यूटी गांव के तोक मोरा में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। देर रात एक तेंदुआ घर में घुसकर पुष्पा देवी (65 वर्ष) नामक एक महिला को उठा ले गया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे पुष्पा देवी अपने घर में सो रही थीं। तभी, तेंदुआ अचानक घर में दाखिल हुआ और उन्हें खींचकर जंगल की ओर भाग गया। महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव वाले तुरंत मौके पर पहुँचे और वन विभाग को इसकी सूचना दी।सूचना मिलते ही रेंजर मुकुल शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुँची। गंभीर रूप से घायल पुष्पा देवी को तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रेंजर मुकुल शर्मा ने बताया, “हमें सूचना मिलते ही हम टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। महिला को अस्पताल पहुँचाया गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।”ग्रामीणों में दहशत और सड़क न होने का मलालइस घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और इस आदमखोर तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है। वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि तेंदुए की तलाश के लिए पिंजरे लगाए जाएंगे और गश्ती दल तैनात किए जाएंगे।गांव के युवा हर्षित जीना और गौरव रमोला ने इस दुखद घटना के लिए गांव में सड़क न होने को भी जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि अगर सड़क होती तो महिला को समय पर अस्पताल पहुँचाया जा सकता था, जिससे शायद उनकी जान बच सकती थी। सड़क न होने के कारण अस्पताल पहुँचने में हुई देरी को उन्होंने महिला की मौत का एक बड़ा कारण बताया।

    By D S Sijwali

    Work on Mass Media since 2002 ........

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *