जम्मू के राजौरी में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में नैनीताल के 28 वर्षीय संजय बिष्ट शहीद हो गए। नैनीताल जिले के रातीघाट निवासी संजय बिष्ट 19 कुमाऊं 9 पैरा में तैनात थे।
आज शुक्रवार की दोपहर 2.20 बजे उनका पार्थिव शरीर जम्मू राजोरी से सैनिक स्कूल घोड़ाखाल हैलीकॉप्टर से पहुंचा। जहां उनके पार्थिव शरीर को नैनीताल एसडीएम प्रमोद कुमार, रानीखेत केआरसी के ब्रिगेडियर गौरव बग्गा, केआरसी रानीखेत के कर्नल राजेश रद्द, सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन विजय डंगवाल ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शहीद के शव पहुंचते ही लोगों ने जब तक सूरज चांद रहेगा संजय तेरा नाम रहेगा और भारत माता की जय के नारों से शहीद को श्रद्धांजलि दी।

रानीखेत केआरसी के सैन्य अधिकारी शहीद का पार्थिव शरीर लेकर शहीद के घर रातीघाट गए है। जिसके बाद रातीघाट के चित्रशिला घाट पर शहीद का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

वही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया एक्स पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा नैनीताल जनपद के रातीघाट निवासी वीर जवान संजय बिष्ट जी के जम्मू कश्मीर के राजौरी में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। माँ भारती की रक्षा करते हुए आपके द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान हम सभी को राष्ट्र सेवा हेतु सदैव प्रेरित करता रहेगा।
