• Sat. Mar 21st, 2026

    सेप्टिक टैंक में गैस लगने से साइट इंजीनियर और कारपेंटर की दर्दनाक मौत

    NewsNews uttarakhand

    टनकपुर। चंपावत जिले के टनकपुर में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग कॉलेज के निर्माणाधीन गर्ल्स हॉस्टल के सेप्टिक टैंक में गैस लगने से साइट इंजीनियर शिवराज चौहान (28) और कारपेंटर हसन (24) की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों को टैंक से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे अग्रवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी के साइट इंजीनियर शिवराज चौहान (निवासी ग्राम चगेटी, भनोली, हाल निवासी घसियारामंडी) और कारपेंटर हसन (निवासी नौगवां बीसलपुर, पीलीभीत) सेप्टिक टैंक की शटरिंग खोलने उतरे थे।

    टैंक में करीब पांच महीने से बंद चैंबर में बनी जहरीली गैस की चपेट में आने से दोनों अचेत हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाल चेतन रावत के नेतृत्व में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में डॉ. मानवेंद्र शुक्ला ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    साथी कर्मचारियों ने बताया कि टैंक में एक फुट से अधिक पानी जमा था और बारिश के कारण चैंबर को पहले नहीं खोला जा सका था। पहले चैंबर की शटरिंग हटाने के बाद दोनों दूसरे चैंबर में गए, जहां गैस की चपेट में आ गए। काफी देर तक बाहर न आने पर अन्य कर्मियों ने जांच की तो दोनों अचेत मिले।

    शिवराज अपने परिवार का इकलौता बेटा था और अविवाहित था। उसकी तीन बहनों की शादी हो चुकी है। हसन भी अविवाहित था और अपने परिवार में तीन भाइयों में सबसे छोटा था।

    हादसे की खबर से परिजनों और साथी कर्मचारियों में शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचित कर दिया है। मामले की जांच जारी है।

    By swati tewari

    working in digital media since 5 year

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *