• Wed. Mar 25th, 2026

    पीएम मोदी को मिला साइप्रस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस की आधिकारिक यात्रा के दौरान देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मैकारियोस तृतीय से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडुलाइड्स ने प्रदान किया। पीएम मोदी ने इसे भारत की 1.4 अरब जनता के नाम समर्पित करते हुए इसे भारत और साइप्रस के गहरे संबंधों का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं बल्कि भारत की संस्कृति, मूल्यों और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना का वैश्विक स्तर पर सम्मान है।

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह सम्मान दो देशों की साझा सोच और सांस्कृतिक समझ को दर्शाता है। उन्होंने इस पुरस्कार को भारत-साइप्रस की मित्रता और साझा मूल्यों को समर्पित किया और कहा कि यह शांति, संप्रभुता और समृद्धि के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।

    आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को नई गति
    प्रधानमंत्री की यह यात्रा एक ऐतिहासिक क्षण बन गई, क्योंकि बीते दो दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली साइप्रस यात्रा थी। पीएम मोदी को साइप्रस में भव्य स्वागत मिला और उन्होंने भारत-साइप्रस सीईओ फोरम को भी संबोधित किया।

    सीईओ फोरम में उन्होंने भारत, साइप्रस और ग्रीस के बीच नए बिजनेस और इन्वेस्टमेंट काउंसिल की शुरुआत का स्वागत किया और इसे त्रिपक्षीय आर्थिक सहयोग का एक अहम मंच बताया। उन्होंने साइप्रस के व्यापारियों को भारत में निवेश के लिए आमंत्रित किया, खासकर ऊर्जा, तकनीक और नवाचार के क्षेत्रों में।

    इसके अलावा पीएम मोदी ने बताया कि साइप्रस स्टॉक एक्सचेंज और भारत के नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के बीच गुजरात के गिफ्ट सिटी में साझेदारी तय हुई है, जिससे वित्तीय क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को बल मिलेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि फोरम में हुई चर्चाओं को ठोस कार्ययोजना में बदला जाएगा।

    पीएम मोदी ने अपने एक्स पोस्ट में भी कहा कि राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडुलाइड्स और साइप्रस के प्रमुख उद्योगपतियों से मुलाकात व्यापार और सहयोग को नई दिशा देने वाला क्षण रहा।

    By swati tewari

    working in digital media since 5 year

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *