Tehri: 14 दिवसीय सूक्ष्म कौशल उद्यमिता विकास कार्यक्रम एमएसडीपी का शुभारंभ Tehri: 14 -day micro -skill entrepreneurship development program MSDP launched
लक्षमोली की महिलाओं को प्रशिक्षण में मिलेट्स बेकरी उत्पाद बनाने का तकनीकी प्रशिक्षण दिया जायेगा
टिहरी गढ़वाल/ लक्षमोली– भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद द्वारा क्रियान्वित और रेल विकास निगम लिमिटेड द्वारा समर्थित प्रोजेक्ट प्रगति: इम्पावरिंग वूमेन के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 14 दिवसीय सूक्ष्म कौशल उद्यमिता विकास कार्यक्रम (एमएसडीपी) का शुभारंभ ग्राम लक्षमोली में आज हुआ है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्रधान सुरेश सिंह नेगी जी व बीएमएम मुकेश जी ने किया। ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन प्रभावित गांव लक्षमोली की महिलाओं को इस प्रशिक्षण में मिलेट्स बेकरी उत्पाद बनाने की तकनीकी प्रशिक्षण मुख्य प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा। आरवीएनएल ऋषिकेश और ईडीआईआई अहमदाबाद मिलकर महिलाओं को फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में निपुण बनाने का कार्य कर रही है। जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बने और अपना स्वरोजगार स्थापित कर नए अवसरों का लाभ उठाए। भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान के ट्रेनर और मोटीवेटर हिम्मत सिंह रौतेला अधिकारी ने 14 दिवसीय प्रशिक्षण के उद्देश्य और परियोजना के बारे में एवं उद्यमिता अवधारणा और महत्व के बारे में अपने सत्र में जानकारी दी। ट्रेनर और मोटीवेटर हिम्मत सिंह रौतेला ने उद्यमी कौन बन सकता है नवाचार, बिजनेस आइडिया के बारे में बताया।

बीएमएम ने अपने सत्र में समूह उद्यम और इसकी पहुंच एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में महिलाओं को बताया। एरिया कॉर्डिनेटर सुरुचि ने अपने सत्र में समूह उद्यम की जानकारी देकर महिलाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। इस 14 दिन के प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिलाओं को 6 दिन उद्यमिता विकास कार्यक्रम (ईडीपी) और 8 दिन मिलेट्स बेकरी उत्पाद जैसे बिस्किट, नमकीन, केक, लड्डू आदि उत्पादों पर तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण लेकर महिलाएं हेल्थी उत्पाद बाजार में बिक्री हेतु उपलब्ध कराएगी। जिससे महिलाओं के परिवार की आय में वृद्धि होगी। और ग्राहकों को मिलेट्स निर्मित शुद्ध उत्पाद मिलेंगे। इस अवसर पर गांव की महिलाओं ने भाग लिया।
