देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की प्रमुख अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गंगा और शारदा कॉरिडोर योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
उत्तराखण्ड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड की बैठक में मुख्यमंत्री ने हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में निवेश को बढ़ावा देना और आधारभूत संरचना को मजबूत करना है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही प्रक्रियात्मक बाधाओं को दूर कर कार्यों को सरल बनाया जाए…ताकि तय समयसीमा के भीतर योजनाएं जमीन पर उतर सकें। उन्होंने अगले छह महीनों में कार्यों की स्पष्ट प्रगति दिखाने और प्रत्येक परियोजना के लिए टाइमलाइन तय करने पर जोर दिया।शारदा कॉरिडोर के संबंध में मुख्यमंत्री ने भूमि उपलब्धता के साथ भूस्खलन की संवेदनशीलता का अध्ययन कर सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिवर फ्रंट विकास और घाटों के सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।आगामी हरिद्वार कुंभ को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने गंगोत्री से हरिद्वार तक गंगा की स्वच्छता, घाटों के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए…ताकि उत्तराखण्ड को निवेश और पर्यटन के लिए एक आकर्षक राज्य बनाया जा सके।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
This post was published on 09/04/2026 3:53 AM