मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमण्डल के सदस्यों से कहा कि नेपाल के विकास के लिए जो भी सहयोग की आवश्यकता होगी, हर संभव मदद की जाएगी।
सीएम धामी ने गुरुवार को देहरादून में नेपाल के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमण्डल से मुलाकात के दौरान ये बाते कहीं। साथ ही उन्होंने भारत-नेपाल से जुड़े विभिन्न सम सामयिक विषयों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमण्डल में शामिल पम्पा भूसाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चल रही मानसखण्ड और अन्य योजनाओं की जानकारी वे नेपाल के मंत्रियों को देंगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि नेपाल के विकास के लिए प्रदेश सरकार की ओर से हर संभव मदद दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की तर्ज पर नेपाल में मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत काम होने से पर्यटन और तीर्थाटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे लोगों की आजीविका बढ़ेगी।

राज्य के गढ़वाल एवं कुमाऊं मण्डल में एक-एक क्यूबेटर सेंटर बनाया गया है। जिनके माध्यम से लोगों की आजीविका बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण एवं अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। इस तरह के मॉडल पर नेपाल में कार्य किये जा सकते हैं। राज्य में महिला स्वयं सहायता समूहों को 05 लाख रूपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है, इसके माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर तेजी आगे बढ़ी हैं। अणि सरकार पोर्टल के माध्यम से अधिकांश जन सुविधायें ऑनलाइन की गई हैं। इस तरह की योजनाओं को नेपाल में आगे बढ़ाने के लिए राज्य से उनको जो भी सहयोग की अपेक्षा होगी, वह सहयोग दिया जाएगा।
पम्पा भूसाल ने कहा कि मानसखण्ड के तहत जिस योजना से उत्तराखण्ड सरकार कार्य कर रही है, नेपाल के पर्यटन मंत्री को वे इसकी जानकारी देंगी। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं का क्रियान्वयन उत्तराखण्ड में बेहतर तरीके से हो रहा है और वे नेपाल के हित में भी होंगी, इन योजनाओं के अध्ययन के लिए समय-समय पर नेपाल से डेलिगेशन भेजने के लिए भी नेपाल सरकार से वार्ता की जायेगी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बताया कि नेपाल और भारत मित्र राष्ट्र हैं। दोनों देशों के बीच पीढ़ियों से संबंध रहे हैं। नेपाल और भारत में काफी समानताएं हैं। क्योंकि, हमारा रहन सहन, धार्मिक परंपरा समेत अन्य पद्धतियां एक समान है। दोनों देशों की पूजा पद्धतियां भी मिलती जुलती है। भारत और नेपाल के बीच रोटी बेटी का संबंध है।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मेयर सुनील उनियाल गामा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
