उत्तराखण्ड, तेज़ बारिश का कहर, मलबे में दबें कई वाहन ::Uttarakhand, heavy rain wreaks havoc, many vehicles buried under debris
उत्तराखंड में बुधवार, 9 अप्रैल को दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और कई जिलों में जमकर बारिश और ओलावृष्टि हुई। गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन चमोली जिले के थराली क्षेत्र में भारी नुकसान की खबरें सामने आई हैं। थराली के रामलीला मैदान के पास सिपाही गदेरे के उफान पर आने से पहाड़ दरक गया और भारी मलबा सड़कों पर आ गिरा। इस मलबे में कई वाहन दब गए। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त गाड़ियों में कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता थाथराली में ही नहीं, कर्णप्रयाग-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग भी नासिर बाजार के पास मलबा आने से बाधित हो गया था। हालांकि बीआरओ (बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन) की त्वरित कार्रवाई से मार्ग को खोल दिया गया है। उधर, थराली-देवाल मोटरमार्ग अब भी बंद पड़ा है, जिसे गुरुवार तक बहाल किए जाने की उम्मीद है।पुलिस और प्रशासन की टीमें आपदा प्रभावित इलाकों में पहुंच गई हैं और हालात का जायजा ले रही हैं। हर संभव राहत और बचाव कार्य जारी है।बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया है। खेतों में तैयार खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं। किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।गौरतलब है कि मौसम विभाग ने पहले ही राज्य के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया था, जो सटीक साबित हुआ।
अल्मोड़ा में भी पड़े जमकर ओले
आज शाम अल्मोड़ा नगर में तेज बारिश, ओले, बिजली, बादलो की गड़गड़ाहट से मौसम अचानक बदल गया, जिससे घर लौटते कर्मचारियों, मजदूरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं तेज बारिश ने लोगों के बाग़ बगीचे खेतोँ और समान को नुकसान पहुंचाया है।
