वक्फ संशोधन को लेकर भाजपा का राष्ट्रव्यापी जनजागरूकता अभियान :: new waqf bill, waqf amendment bill
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हाल ही में संसद में पारित वक्फ (संशोधन) विधेयक और मुस्लिम वक्फ (निरसन) विधेयक के लाभों को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए “वक्फ सुधार जनजागरण अभियान” शुरू किया है। यह अभियान 20 अप्रैल से 5 मई तक चलेगा और इसका उद्देश्य खासतौर पर मुस्लिम समुदाय को इन विधेयकों से होने वाले सामाजिक-आर्थिक लाभों, पारदर्शिता और समावेशिता के बारे में जानकारी देना है। साथ ही, इस अभियान के जरिए फैलाई जा रही भ्रामक जानकारियों का भी जवाब दिया जाएगा। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर यह अभियान राज्यों से लेकर मंडल स्तर तक डिजिटल और ज़मीनी स्तर पर चलाया जाएगा।
हर सांसद और विधायक को करना होगा संवाद कार्यक्रम
पार्टी के निर्देश के अनुसार, भाजपा के हर सांसद और विधायक को अपने क्षेत्र में कम से कम एक संवाद कार्यक्रम करना अनिवार्य होगा। राज्य स्तर पर मुस्लिम धर्मगुरुओं, शिक्षाविदों, महिला नेताओं, वकीलों, डॉक्टरों और मुस्लिम सहित अन्य समुदायों के सोशल मीडिया प्रभावशाली लोगों को शामिल करते हुए टाउन हॉल मीटिंग आयोजित की जाएंगी। राज्य की राजधानियों में महिला केंद्रित विशेष टाउन हॉल भी होंगे। वहीं ईसाई समुदाय के साथ “ईसाई सद्भाव बैठक” भी की जाएगी।
जिले में संवाद, प्रेस वार्ता और युवाओं से जुड़ाव
जिला स्तर पर “प्रमुख नागरिक संवाद” कार्यक्रमों के जरिए मुस्लिम समुदाय के प्रभावशाली लोगों से बातचीत होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मल्टीमीडिया प्रजेंटेशन भी शामिल रहेगा। युवाओं के साथ जुड़ाव के लिए भाजपा युवा मोर्चा द्वारा हर विधानसभा क्षेत्र में संवाद बैठक आयोजित की जाएगी। इन कार्यक्रमों में वक्फ विधेयकों और “उम्मीद” बिल के प्रावधानों को समझाने और पारदर्शिता तथा सांप्रदायिक सौहार्द्र को बढ़ावा देने की कोशिश की जाएगी।
मंडल स्तर पर डोर-टू-डोर प्रचार और महिला संवाद
मंडल स्तर पर भाजपा कार्यकर्ता डोर-टू-डोर अभियान के जरिए लोगों से सीधे संपर्क करेंगे। हर मंडल में महिला संवाद और मुस्लिम महिला संपर्क कार्यक्रम होंगे ताकि महिलाओं को जागरूक किया जा सके।
डिजिटल माध्यम से भी चलेगा प्रचार अभियान
इस जनजागरण अभियान को ऑनलाइन भी प्रभावशाली बनाने के लिए सोशल मीडिया पर ग्राफिक्स, लोगों की प्रतिक्रियाएं और वीडियो आधारित कंटेंट तैयार किया जाएगा।
राष्ट्रिय से जिला स्तर तक होगी कार्यशाला
इस अभियान को योजनाबद्ध तरीके से लागू करने के लिए 10 अप्रैल को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके बाद 15 से 17 अप्रैल के बीच राज्य स्तरीय और 18-19 अप्रैल को जिला स्तरीय कार्यशालाएं होंगी। इस पूरे अभियान की निगरानी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के नेतृत्व में की जाएगी, जिनके साथ अनिल एंटनी, डॉ. अरविंद मेनन और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी भी शामिल हैं।
