• Wed. May 27th, 2026

चारा लेने गई महिला को घर के पास ही बनाया शिकार, तेंदुआ का कहर ज़ारी

Tiger, leopard

उत्तराखंड के नैनीताल जिले से शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। धारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत दीनी तल्ली के तोक धुरा क्षेत्र में तेंदुए ने एक महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। महिला सुबह मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल की ओर जा रही थीं, तभी घर से कुछ ही दूरी पर झाड़ियों में घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर अचानक हमला कर दिया।

 

 

 

मृतका की पहचान हेमा देवी पत्नी गोपाल सिंह के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुए ने झपट्टा मारते ही महिला को दबोच लिया और घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। हमले के दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर उनका देवर मौके पर पहुंचा। उसने तेंदुए को महिला को ले जाते हुए देखा और शोर मचाकर पत्थर फेंकते हुए उसे भगाने का प्रयास किया, लेकिन तेंदुआ महिला को नहीं छोड़ सका और जंगल की ओर फरार हो गया।

 

चीख सुन दौड़ा देवर, लेकिन नहीं बच सकी जान

घटना के समय महिला का देवर पास ही मौजूद था। चीखने की आवाज सुनते ही वह दौड़कर मौके पर पहुंचा और तेंदुए को भाभी को जंगल की ओर ले जाते देखा। उसने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीणों ने जंगल में खोजबीन शुरू की, जहां कुछ ही दूरी पर महिला का शव बरामद हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर फॉरेस्ट और प्रशासन की टीमें पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। मृतका को बरगली परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है।

 

गांव में दहशत, ग्रामीणों में आक्रोश

महिला की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं। गुलदार की लगातार सक्रियता के चलते ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही डीएफओ नैनीताल आकाश गंगवार और भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

 

 

 

फिलहाल वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

 

 

By D S Sijwali

Work on Mass Media since 2002 ........

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *