दिल्ली – 2007 से शुरू हुए क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट के WC में समय-समय पर कई खिलाड़ियों ने आकर धमाल मचाया मगर 2 खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने पिछले 7 संस्करण खेले हैं और इस साल भी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। टी20 वर्ल्ड कप 2022 का आगाज होने में अब महज कुछ ही दिन बाकी है, ऐसे में सभी टीमें खिताब की दावेदारी को मजबूत करने के लिए जमकर पसीना बहा रही है। ऑस्ट्रेलिया में इस साल टी20 वर्ल्ड कप का 8वां संस्करण खेला जाएगा। 2007 से शुरू हुए क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट के वर्ल्ड कप में समय-समय पर कई खिलाड़ी आए और अपनी टीम के लिए लाजवाब परफॉर्म कर खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाई। टी20 वर्ल्ड कप में खिलाड़ियों का आना जाना तो लगा रहा, मगर दो दिग्गज खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने पिछले सभी 7 संस्करण खेले हैं और इस साल भी वह अपनी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।जी हां, इनमें से एक खिलाड़ी भारत का है और वहीं दूसरा खिलाड़ी बांग्लादेश का है। 2007 टी20 वर्ल्ड कप का पहला संस्करण साउथ अफ्रीका में खेला गया था और भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में खिताब जीतकर विजयी आगाज किया था। उस दौरान भारतीय टीम का हिस्सा रोहित शर्मा थे। रोहित उसके बाद लगातार भारतीय टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहे हैं। रोहित ने टी20 वर्ल्ड कप में खेले 33 मैचों में 38.50 की औसत से 847 रन बनाए हैं और वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में महेला जयवर्धने (1016), क्रिस गेल (965) और तिलकरत्ने दिलशान (897) के बाद चौथे पायदान पर हैं।वहीं उस दूसरे खिलाड़ी की बात करें जो 2007 से लगातार टी20 वर्ल्ड कप खेल रहा है तो वह बांग्लादेश के शाकिब अल हसन है। शाकिब ने भी अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप बतौर खिलाड़ी खेला था, मगर इस साल वह भी रोहित शर्मा की तरह अपनी टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। शाकिब के टी20 वर्ल्ड कप रिकॉर्ड की बात करें तो 31 मैचों में इस खिलाड़ी ने 26.84 की औसत से 698 रन बनाने के साथ 41 विकेट चटकाए हैं।इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा क्रिस गेल, ड्वेन ब्रावो, मुश्फिकुर रहमान, महमुदुल्लाह, शोएब मलिक और मोहम्मद हफीज ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने 2007 से 2021 तक टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया है, मगर वह इस साल नहीं खेल रहे हैं। कुछ खिलाड़ियों ने रिटायरमेंट ले ली है, वहीं कुछ टीम में जगह बनाने में नाकामयाब रहे हैं।
